Date & Time

स्वामी समेत इन नेताओं को विधान परिषद भेजने की तैयारी में सपा

राज्यसभा चुनाव के प्रत्याशियों के नामांकन के बाद अब समाजवादी पार्टी में उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के प्रत्याशियों को लेकर मंथन शुरू हो गया है। दो-तीन दिनों में सपा अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर देगी। एमएलसी की 13 सीटों के चुनाव के लिए अधिसूचना दो जून को जारी होगी। नौ जून तक नामांकन होने हैं।

समाजवादी पार्टी गठबंधन की 125 सीटें हैं। एमएलसी की एक सीट के लिए 29 विधायकों की जरूरत है। संख्या बल के हिसाब से सपा के खाते में चार सीटें आएंगी, जबकि भाजपा नौ सीटें जीत लेगी। इन चार सीटों में सपा को एक सीट गठबंधन की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) को देनी पड़ सकती है।

सूत्रों के अनुसार सपा के अंदर जिन लोगों के नाम की चर्चा चल रही है उनमें भाजपा छोड़कर सपा में शामिल होने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य, सहारनपुर के पूर्व विधायक इमरान मसूद व अखिलेश यादव के लिए करहल विधान सभा सीट छोड़ने वाले सोबरन सिंह यादव प्रमुख हैं। सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर भी अपने बेटे अरुण राजभर के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं।

इसके अलावा पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी, पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी, पूर्व एमएलसी उदयवीर सिंह, विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष रहे संजय लाठर एवं डा. राजपाल कश्यप के नाम पर भी चर्चा चल रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार विधान परिषद चुनाव में पार्टी सामाजिक समीकरण को लेकर काफी चिंतन मनन कर रही है। दो-तीन दिनों में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव एमएलसी प्रत्याशियों की सूची फाइनल कर देंगे।

बता दें कि यूपी में विधान परिषद की 13 सीटों के लिए 20 जून 2022 को चुनाव होगा। चुनाव के लिए दो जून को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन पत्र भरने की अंतिम तारीख नौ जून निर्धारित की गई है। 10 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 13 जून तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। वहीं 20 जून को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा और इसी दिन शाम पांच बजे के बाद मतगणना होगी।

विधान परिषद में जिन 13 सदस्यों का कार्यकाल छह जुलाई 2022 को खत्म हो रहा है उसमें से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही विधानसभा सदस्य चुने जाने के कारण इस्तीफा दे चुके हैं। वहीं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का भी विधान परिषद सदस्य के तौर पर कार्यकाल खत्म हो रहा है। इसके अलावा जगजीवन प्रसाद, बलराम यादव, डा. कमलेश कुमार पाठक, रण विजय सिंह, राम सुंदर दास निषाद, शतरुद्र प्रकाश, अतर सिंह राव, दिनेश चंद्रा, सुरेश कुमार कश्यप, दीपक सिंह व भूपेंद्र सिंह शामिल हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.