एसटीवी भारत
पिछले कुछ समय में ऐसे कई मामले सामने आए हैं जब लड़कियों ने साहसिक कदम उठाते हुए ऐन मौके पर शादी से इनकार कर दिया क्योंकि उन्हें दूल्हा नहीं पसंद था। फिर चाहे वह नशेड़ी रहा हो या फिर गंजा या देर से बारात लेकर पहुंचने पर हुआ हो। हाल ही में दुल्हन ने जिस वजह से शादी से इनकार कर दिया उसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे।
ताजा मामला उत्तर प्रदेश का है जहां पर एक दुल्हन ने इसलिए दूल्हे से शादी करने के इनकार कर दिया क्योंकि बारात के साथ दूल्हा फोटोग्राफर नहीं लाया था। ये बात दुल्हन को इतनी नागवार गुजरी कि बारात ही वापस कर दी। घटना रविवार की है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जनपद स्थित एक गांव के किसान की लड़की की शादी रविवार को होनी थी। शादी की सारी तैयारियां थीं। बारात भोगनीपुर से धूम धाम से पहुंची तो लड़की वालों ने बारातियों का बढ़िया स्वागत किया। सारी रस्में होते-होते जयमाला का समय भी आ गया। जब दुल्हन जयमाला के लिए स्टेज पर पहुंची तो वहां उसे एक चीज नदारद दिखी।
दुल्हन ने देखा कि उसकी शादी के इस यादगार पल को सहेजकर रखने के लिए वहां पर फोटोग्राफर ही नहीं है। दुल्हन को पता चला कि फोटोग्राफर तो किया ही नहीं गया है। फिर क्या था गुस्साई दुल्हन ने जरा भी देर न करते हुए तुरंत शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद दुल्हन मंच से उतरकर वहां से चली गई। रिपोर्ट के मुताबिक लड़की का कहना था कि जो आदमी आज शादी का ख्याल नहीं रख पाया वह भविष्य में उसका क्या ख्याल रख पाएगा।
इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने समझाने की कोशिश की लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही। यही नहीं लड़की के परिजनों ने भी उसे समझाना चाहा लेकिन वह नहीं मानी। जानकारी के मुताबिक मंच से निकलकर जाने के बाद वह पड़ोसी के घर में रह रही है।
जब समझाने से बात नहीं बनी तो मामला मंगलपुर पुलिस स्टेशन पहुंचा जहां दोनों पक्ष इस बात से सहमत हुए कि वे एक दूसरे से मिला हुआ सारा सामान और पैसा वापस कर देंगे। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों ने एक दूसरे को सामान और नकदी वापस कर दी। इसके बाद दूल्हा बिना दुल्हन के ही अपने गांव वापस चला गया।
पुलिस ने आगे बताया कि वर पक्ष फोटोग्राफर और वीडियोग्राफर का इंतजाम किए बिना पहुंचे थे जिसकी वजह से विवाद शुरू हुआ औऱ नाराज लड़की ने शादी से इनकार कर दिया। इस घटना ने इस बात की तरफ भी ध्यान खींचा है कि आखिर फिर शादी का ही क्या मतलब है अगर आपके पास दिखाने के लिए इसकी कोई तस्वीर ही नहीं है।

Thanks for comment in my post