उन्नाव।भारतीय सेना भर्ती प्रक्रिया में केंद्र सरकार द्वारा किए गए बदलाव से नाराज युवाओं ने कस्बा स्थित महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के समीप धरना करते हुए सरकार विरोधी नारेबाजी की। वहीं सूचना पर पहुंचे उपजिलाधिकारी,क्षेत्राधिकारी तथा प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे जहां युवाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। युवाओं ने सेना भर्ती प्रक्रिया में किए गए बदलाव को वापस लेने के लिए प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। भारतीय सेना भर्ती को लेकर केंद्र सरकार द्वारा लाई गई अग्निपथ योजना को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन का असर पूरे देश,प्रदेश व अब गांवो तक पहुंच गया है।
शुक्रवार को ग्रामीण क्षेत्र के युवा प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर आए। स्थानीय महात्मा गांधी इंटर कालेज के गेट पर छात्रों और युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल करीब आधा सैकड़ा युवाओं ने कालेज गेट पर धरना दिया। उपजिलाधिकारी रामसकल मौर्य, क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार राय तथा प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह ने प्रदर्शनकारी युवकों को समझा बुझाकर शांत कराया। बाद में अग्निपथ योजना को वापस लेने व सेना में पूर्व की भर्ती योजना से भर्ती करने का प्रधानमंत्री को संबोधित एक मांग पत्र एसडीएम को सौंप कर धरना समाप्त किया।

Thanks for comment in my post