उन्नाव के किला इलाके में एक खाली प्लॉट में असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने के इरादे से पोस्टर चस्पा किए हैं। इन पोस्टर पर लिखा गया है, 10 जून को उन्नाव में बाजार बंदी रहेगी। साथ ही यह भी लिखा गया कि पैगम्बरे इस्लाम हजरत मोहम्मद की शान में गुस्ताखी करने के खिलाफ...मोहम्मद से वफा तूने, तो हम तेरे हैं...यह जहां क्या चीज है लौह व कलम तेरे हैं। उधर, डीएम रवींद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक दिनेश त्रिपाठी ने उन्नाव और शुक्लागंज के धर्मगुरुओं के साथ शांति समिति की बैठक की। इस दौरान सभी लोगों से क्षेत्र में शांति बनाए रखने का आग्रह किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह ने बताया कि पोस्टर सदर कोतवाली क्षेत्र में लगाया गया था। कुछ शरारती तत्वों की करतूत लग रही है। फिलहाल इसे हटा दिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पोस्टर लगाने वाले की तलाश जारी
डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि शरारत के चलते पोस्टर लगाया गया था। फिलहाल किसी भी संगठन ने पोस्टर लगाने का दावा नहीं किया है। साथ ही शांति समिति की बैठक में पोस्टर को किसी ने स्वीकारा नहीं है और बंदी जैसा कोई प्रस्ताव नहीं है। पुलिस पोस्टर लगाने वाले शख्स की तलाश कर रही है।
कानपुर में हुआ था बवाल
गौरतलब है कि 3 जून को कानपुर के बेकनगंज थाना क्षेत्र में कुछ उपद्रवियों ने निलंबित बीजेपी प्रवक्ता नूपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्मद पर विवादास्पद टिप्पणी के विरोध में दुकानों को बंद करने के प्रयास में पत्थरबाजी और बमबाजी की थी। पुलिस ने इस मामले में 54 लोगों को गिरफ्तार किया है और 40 संदिग्ध आरोपियों के तस्वीर वाले पोस्टर जारी किए हैं।

Thanks for comment in my post